SNE NETWORK.CHANDIGARH.

चंडीगढ़ के दड़वा इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूरज (20) बाइक पर घर लौट रहा था, तभी 5 युवकों ने उसे रोक लिया और चाकू-किरच से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे जीएमसीएच-32 ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। कुछ हमलावरों की शिनाख्त होने की बात भी सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। यह चंडीगढ़ में इस साल का 9वां मर्डर बताया जा रहा है।
मौके पर मौजूद किसी महिला ने 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। कुछ ही देर में पीसीआर टीम पहुंची और घायल सूरज को अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही दड़वा पुलिस चौकी, इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस, डीएसपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मोबाइल फोरेंसिक एक्सपर्ट और सेक्टर-36 स्थित सेंट्रल साइंस फोरेंसिक लैब की टीम ने घटनास्थल से खून के सैंपल जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।

