एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गुरुवार हुए आतंकी हमले में बठिंडा के सिपाही सेवक सिंह भी शहीद हो गए हैं। तलवंडी साबो के गांव बाघा के रहने वाले शहीद सेवक सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहने हैं। शहादत की खबर सुनते ही परिवार गम में डूब गया। दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं शहीद की मां बार-बार अपना होश खो रही हैं।
2018 में भर्ती हुआ था सेवक
सेवक सिंह 2018 में सेना में भर्ती हुए थे। वे दो माह पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटे थे। तब माँ ने कहा था कि शादी करवा ले। इस पर सेवक सिंह ने कहा कि था छोटी बहन का विवाह करने के बाद ही वह शादी करेगा। वहीं उनकी बहन ने बताया कि कल जब परिवार की उनसे बात हुई तो सेवक सिंह को बुखार था लेकिन तब भी वह ड्यूटी कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, शाम तक उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंच जाएगा।

