वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा के बाद भारतीय विद्यार्थियों के लिए वहां के दरवाजे पूरी तरह खुल गए हैं। अब ऑनलाइन फाइल समिट करते ही तत्काल एक मिनट में वीजा मिलने लगा है। पिछले एक सप्ताह में ऑस्ट्रेलिया स्टूडेंट वीजा आवेदन को मंजूरी मिलने की दर 95 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो पहले 50 प्रतिशत के आसपास थी।
जालंधर के गगनदीप सिंह ने लाटरोब यूनिवर्सिटी मेलबर्न के लिए स्टूडेंट वीजा 10 बजकर 7 मिनट पर ऑनलाइन अप्लाई किया और 10 बजकर 8 मिनट पर मंजूरी मिल गई। अकेले गगनदीप नहीं बल्कि कई ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें तेजी से वीजा मिल रहा है। वीजा कंसल्टेंट्स का कहना है कि एक हफ्ते में आश्चर्यजनक तरीके से बदलाव आया है।
एक भी वीजा रद्द नहीं
ऑस्ट्रेलियाई दूतावास के अधिकृत एजेंट सुकांत त्रिवेदी का कहना है कि पीएम नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा ने एक जबरदस्त बूम ला दिया है। आज तक कभी इतना वीजा सक्सेस रेट नहीं मिला था, जितना एक सप्ताह में मिला है। 100 प्रतिशत वीजा मिले हैं। यहां तक कि एक मिनट में भी वीजा आया है। अब मार्केट बदल जाएगी, ऑस्ट्रेलिया की तरफ दौड़ लगेगी जो भीड़ कनाडा व यूके जा रही थी अब ऑस्ट्रेलिया जाएगी।
पहली बार ऐसी तेजी
ऑस्ट्रेलियन स्टडी वीजा काउंसलर प्रियंका शर्मा का कहती हैं कि नजर न लगे एक भी वीजा रिजेक्ट नहीं हुआ है। मेरे करियर में पहला मौका है, जब ऐसी तेजी आई है। 20 वीजा पूरे आए हैं। आने वाले दिनों में ऑस्ट्रेलियन एजुकेशन इंडस्ट्री की ग्रोथ होगी।

