बड़ी खबर…..एनआईए ने गायक मनकीरत औलख पर कसा शिकंजा, चंडीगढ़ एयरपोर्ट में रोका, दुबई जा रहे थे

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।  

पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या केस में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाबी गायक मनकीरत औलख पर शिकंजा कस दिया है। टीम ने शुक्रवार को उन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट से दुबई जाने से रोक दिया। सूत्रों के मुताबिक एनआईए की टीम ने कहा कि उनके खिलाफ मामले की जांच चल रही है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती है, तब तक वह विदेश नहीं जा सकेंगे। इसके बाद वह अपने घर वापस चले गए।


दुबई शो करने जा रहे थे


सूत्रों से पता चला है कि मनकीरत औलख अपने दो साथियों समेत शुक्रवार को दुबई शो करने जा रहे थे। इसकी सूचना एनआईए की टीम को पहले ही थी। शाम करीब साढ़े पांच बजे उनकी दुबई की फ्लाइट थी। ऐसे में एनआईए की टीम एयरपोर्ट पर पहुंची। जैसे ही औलख वहां पर पहुंचे तो एनआईए की टीम ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनसे वहीं पर कुछ पूछताछ की गई। साथ ही उन्हें बताया गया कि वह इस तरह विदेश नहीं जा सकते हैं।


इससे पहले हो चुकी दिल्ली में पूछताछ


सूत्रों का कहना है कि उनके पासपोर्ट समेत कुछ दस्तावेज भी एनआईए की टीम ने अपने कब्जे में लिए हैं। इससे पहले भी एनआईए की टीम उन्हें दिल्ली बुलाकर पूछताछ कर चुकी है। हालांकि मनकीरत औलख शुरू से साफ कर चुके है कि उनका सिद्धू मूसे वाला हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं है।


पहले विदेश जाने पर यह दी थी सफाई


इससे पहले सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गठित पुलिस की एसआईटी भी मनकीरत औलख से पूछताछ कर चुकी है। मानसा पुलिस ने कई अन्य नामी गायकों से भी पूछताछ की थी। उस समय मनकीरत औलख ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में साफ किया था कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या में उनकी कोई भूमिका नहीं है। विदेश में रह रही उनकी पत्नी गर्भवती थी। ऐसे वक्त में उनका पत्नी के साथ होना जरूरी था। इसी वजह से वह विदेश गए थे। इसके बाद वह अपने बच्चे के साथ वापस आ गए थे।


मनकीरत फेसबुक पर दे चुके सफाई


सिद्धू मूसे वाला हत्याकांड को लेकर मनकीरत औलख पर भी सवाल उठते रहे हैं। करीब आठ महीने पहले औलख ने खुद फेसबुक पोस्ट पर इस मामले में सफाई दी थी। उन्होंने लिखा था कि भगवान जानता है कि मैं किसी मां से उसका बेटा छीनना तो दूर यह सब सोच भी नहीं सकता। मुझे भी एक साल से लगातार धमकियां मिल रही हैं। इसके बाद मनकीरत औलख का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लॉरेंस को अपना भाई और यार बताया था।

100% LikesVS
0% Dislikes