एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब की जनता को बिजली का जोर से झटका प्रदेश की भगवंत मान सरकार ने दिया है। राज्य में घरेलू बिजली के दाम में प्रति यूनिट 80 पैसे तक का इजाफा करने के प्रस्ताव को नियामक आयोग ने मंजूरी दे दी है और वित्त वर्ष 2023-24 के लिए बिजली के नए टैरिफ चार्ज तय कर दिया है।
इस तारीख से नया टैरिफ होगा लागू
नया टैरिफ 16 मई से लागू हो जाएगा। नए टैरिफ में घरेलू, व्यवसायी और औद्योगिक बिजली दरों में बढ़ोतरी के साथ-साथ प्रति माह फिक्स चार्ज में भी वृद्धि की गई है। इसके चलते प्रति यूनिट बिजली की नई दरें सभी वर्गों को प्रभावित करेंगी। इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एलान किया है कि बिजली के बढ़े दाम राज्य सरकार की 600 यूनिट मुफ्त बिजली की योजना को प्रभावित नहीं करेंगे और इस मद पर बढ़ी हुई दरों का भुगतान राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
इस प्रकार से बढ़ाई गई दर
नए टैरिफ के अनुसार दो किलोवाट क्षमता वाले घरेलू उपभोक्ता को 100 यूनिट तक प्रति यूनिट 3.49 रुपये की दर से मिलने वाली बिजली की दर बढ़ाकर 4.49 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। वहीं 101-300 यूनिट तक 5.84 रुपये प्रति यूनिट की जगह अब 6.64 रुपये प्रति यूनिट देना होगा। 300 यूनिट से अधिक उपभोग पर नई दर 7.75 रुपये प्रति यूनिट होगी।

