वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
दिल्ली से चंडीगढ़ का सफर अब नेशनल हाईवे-152 पर महंगा हो जाएगा। दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दप्पर स्थित टोल प्लाजा पर टोल दरों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरें एक सितंबर से लागू होंगी। अब वाहन चालकों को अपनी जेब पहले के मुकाबले ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा।
दप्पर टोल प्लाजा अधिकारी दीपक अरोड़ा ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित दप्पर टोल प्लाजा पर टोल की दरों में बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 31 अगस्त रात 12 बजे के बाद लागू हो जाएंगी।उन्होंने बताया कि पिछली टोल दरों में कार, जीप और वैन के एक तरफ जाने पर टोल दर में पांच रुपये, अप-डाउन पर पांच रुपये और मासिक पास में 130 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
इनसे चार्ज किए जाएंगे 50 रुपये अतिरिक्त
अर्थ मूविंग और हैवी व्हीकल के एक तरफ जाने पर 30 रुपये, अप-डाउन करने पर 50 रुपये और मासिक पास में 970 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दप्पर स्थित लोकल वाहन चालकों (कार, जीप व वैन) के लिए टोल में पांच रुपये की वृद्धि हुई हैं। दप्पर टोल प्लाजा के तहत बलदेव नगर (अंबाला) से बलटाना (जीरकपुर) तक 36 किलोमीटर का इलाका आता है। पिछली टोल दरों में बढ़ोतरी सितंबर 2022 में हुई थी। इसके बाद अब वृद्धि की जा रही है।

