SNE NETWORK.AMRITSAR.
बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े युवक को गोलियों से भून दिया। घटना हलका अटारी इलाके की है, जहां घर से काम पर जा रहे युवक को रस्ते में रोककर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मार कर हत्या कर दी। वारदात सोमवार सुबह करीब 11:00 की है। मृतक साहना सिंह गांव राजाताल का रहने वाला था। वारदात के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए। इस वारदात को लूट के इरादे के साथ भी जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या करने के बाद आरोपी उसकी बाइक और मोबाइल फोन लूटकर ले गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। एसएसपी सुहैल मीर ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

