वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
अमृतसर पुलिस ने प्रभ दासूवाल गैंग के एक शूटर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके एक साथी को भी दबोच लिया गया। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने 11 अप्रैल 2025 की रात मजीठा रोड स्थित क्रिएटिव व्हील्स शोरूम पर हुई फायरिंग की वारदात को सुलझाने का दावा किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ लाल ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसे दाहिनी टांग में गोली लगी। उसे काबू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसके कब्जे से .30 बोर का पिस्तौल बरामद किया गया।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 11 अप्रैल 2025 को आरोपियों ने क्रिएटिव व्हील्स शोरूम फायरिंग की थी। इस केस में गुरप्रीत सिंह उर्फ लाल और जोबनप्रीत सिंह उर्फ जोबन को 5 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि वारदात के समय बोहड़ सिंह मोटरसाइकिल चला रहा था, गुरप्रीत ने गोलियां चलाईं और जोबनप्रीत ने लॉजिस्टिक सहायता देकर फरार होने में मदद की।
पुलिस जांच में आरोपी गुरप्रीत सिंह ने हथियार छुपाई होने की बात कही थी, जिसके तहत बुधवार को पुलिस टीम आरोपी को हथियार बरामद के लिए लेकर गई। जब पुलिस पार्टी आरोपी से हथियार बरामद करवा रही थी तो अचानक आरोपी ने मौका पाकर पुलिस पर गोली चला दी। इसके जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की और इस दौरान आरोपी की टांग में गोली लगने से जख्मी हो गया।

