वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
यहां पर सैलून को बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में पार्लर संचालिका कशिश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मामला, पंजाब के अमृतसर में कस्बा जंडियाला गुरु का बताया जा रहा हैं। मामले से जुड़ी कुछ तस्वीरें सीसीटीवी कैमरा में कैद हो चुकी है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ तेज कर दी।
प्राथमिक जांच पड़ताल में सामने आया है कि मामला रंगदारी के साथ जुड़ा हुआ हैं। क्योंकि, पुलिस को पता चला है कि कुछ दिन पहले महिला से फोन के माध्यम से लाखों की रंगदारी की मांग की गई। जब देने से साफ इंकार किया तो उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थी। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि अगर पुलिस के पास पहले से ही शिकायत दर्ज थी कि समय रहते क्यों नहीं कोई कार्रवाई की गई। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि जिन पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने इस मामले को काफी हल्के में लिया, उनके खिलाफ भी विभागीय तथा कानूनी तौर पर सख्त कार्रवाई तो बनती ही हैं। क्या, अब विभाग उनके खिलाफ कोई कार्रवाई कर आम जनता के बीच सकारात्मक संदेश देना चाहेंगा या फिर इस पहलू को बीच में छोड़ देंगा।
..क्यों और कैसे दिया वारदात को अंजाम
घायल महिला के पति कुलदीप ने बताया कि वह और उनकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से लगातार धमकी भरी कॉल्स से परेशान थे। कॉल करने वाले खुद को अपराधी बताते हुए पैसों की मांग कर रहे थे और अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे। कुलदीप के मुताबिक, शुक्रवार देर रात दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और पार्लर के शटर की ओर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उनकी पत्नी कशिश के पैर में जा लगी। वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
उधर पुलिस के शीर्ष अधिकारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। प्राथमिक जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा हुआ लग रहा हैं। किसी पुलिस अधिकारी या फिर कर्मचारी की गलती सामने आने पर कार्रवाई को लेकर कोई जवाब नहीं दिया गया।

