SNE NETWORK.AMRITSAR.
श्री हरिमंदर साहिब के सरोवर में कुल्ला करने के मामले में अमृतसर पुलिस ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इससे पहले शनिवार को निहंग सिंह की ओर से गाजियाबाद में जाकर आरोपी के साथ मारपीट की गई और उसे वहां की पुलिस के हवाले कर दिया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा पावन सरोवर की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य किया गया, जिससे संगतों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान कर ली गई है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।

