वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
श्री गुरु नानक देव अस्पताल में 45 वर्षीय मरीज बलजिंदर सिंह ने 5वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। वेरका का रहने वाला बलजिंदर एक फैक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले एक दुर्घटना में बलजिंदर के सिर और हाथ में चोटें आई थीं। इसके बाद से वह गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज करा रहा था। डॉक्टरों ने उसे पहले छुट्टी दे दी थी। आज (गुरुवार को) उसका ऑपरेशन होना था। बलजिंदर अपने परिजनों के साथ अस्पताल आया था। वह अचानक अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर गया और नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दो बच्चों का पिता बलजिंदर की मौत से परिवार सदमे में है।
मानसिक तौर पर था परेशान
एक शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि बलजिंदर पहले 19 जुलाई को अस्पताल आया था। जब उसके सिर और हाथ में चोट लगी थी। उस दिन उसका इलाज करवाकर उसे वापस भेज दिया था और आज दुबारा ऑपरेशन के लिए बुलाया था। उसके साथ उसके सारे रिश्तेदार मौजूद थे। वो अचानक गैलरी की तरफ गया और नीचे छलांग लगा दी। जहां उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके भाई के बयानों के मुताबिक बलजिंदर सिंह डिप्रेशन का मरीज था।

