वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
पंजाब में बुधवार को अमृतसर के सरकारी स्कूलों और मोगा के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। दोनों मामलों में पुलिस ने स्कूल परिसर खाली करवाकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
मोगा में दो निजी स्कूलों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। डीएन मॉडल स्कूल, कोट ईसे खां और कैम्ब्रिज स्कूल को सुबह 8:36 बजे एक ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिली। धमकी मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और दोनों स्कूलों में पहुंचकर सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल खाली करवा दिए गए। मौके पर बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया, जो स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ले रहे हैं।
मोगा में 20 दिन बाद आज ही स्कूल खुले थे और बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल पहुंचे थे। अचानक मिली धमकी के बाद बच्चों के अभिभावकों को तुरंत सूचित किया गया और सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से घर भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की तलाशी जारी है।
छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने के पहले दिन ही खालिस्तान संगठनों की ओर से ईमेल भेजकर जिले में कई सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी अमृतसर के मेहरबानपुरा गांव स्थित एक सरकारी स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। ई-मेल में स्कूल को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी, साथ ही विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान के गान को रोकने की मांग करते हुए गुरु गोबिंद सिंह का जंगी ऐलान पढ़ने को कहा गया है।

