वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
पंजाब से एक बहुत बड़ी खबर सामने आई। खबर पंजाब के जिला अमृतसर में स्थित तहसील अजनाला के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि यहां पर एक महिला ने शादी के 21 साल बाद अपनी जान दे दी। प्राथमिक जांच में सामने आया कि पति-देवर उसे काफी प्रताड़ित करते थे, क्योंकि, इतने साल तक कोई औलाद नहीं हुई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल रखवा दिया। मरने वाली की पहचान परमिंदर कौर के तौर पर हुई। पति गुरप्रीत सिंह, देवर मलकीत सिंह के खिलाफ महिला को आत्महत्या के लिए मजबूर करने तथा बार-बार उकसाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल, गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई।
..जानिए, क्या है पूरा मामला
मृतक महिला के भाई हरप्रीत सिंह निवासी गांव लदेह ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन परमिंदर कौर की शादी 21 साल पहले गुरप्रीत सिंह निवासी गांव उमरपुर तहसील अजनाला के साथ हुई थी। पिछले 2 साल से उनकी बहन को उसका पति गुरप्रीत सिंह और देवर मलकीत सिंह परेशान कर रहे थे। बार-बार उनकी बहन को छोटी-छोटी बात पर प्रताड़ित कर रहे थे। शादी के बाद उनकी बहन को बच्चे नहीं हुए थे। इस बात पर उसे परेशान किया जा रहा था। उससे मारपीट भी की जाती थी। तंग आकर पशुओं के चारे वाले कमरे में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। उस वक्त घर में वह अकेली थी।

