SNE NETWORK.AMRITSAR.

मृतक कुलजीत कौर।- फाइल फोटो (CREDIT-IMAGE/VIDEO-BY-SNE-NEWS)
अमृतसर में 9 महीने के बच्चे की मां की अचानक मौत हो गई। उसकी ढाई साल पहले ही शादी हुई थी। मौत से आधे घंटे पहले मृतका ने बहन को फोन किया था। जिसमें उसने कहा- ये मुझे मार रहे हैं, जल्दी आ जाओ, मुझे जान से मार देंगे। हालांकि जब तक मायके वाले वहां पहुंचे तो विवाहिता की मौत हो चुकी थी। परिवार ने ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने उसके पति को गिरफ्तार करने की मांग की है। तब तक अंतिम संस्कार न करने का ऐलान कर दिया है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। मृतका का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, उससे मौत के कारणों के बारे में पता चलेगा। फिलहाल मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

अस्पताल में खड़े मृतका के परिजन। (CREDIT-IMAGE/VIDEO-BY-SNE-NEWS)
पुलिस के मुताबिक अमृतसर के राजासांसी इलाके के गांव हरसा छीना में एक महिला कुलजीत कौर (28) की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला की लाश मिली। मौके का मुआयना करने के बाद लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया। पुलिस के मुताबिक महिला कुलजीत कौर की ढाई साल पहले लवप्रीत सिंह से अरेंज मैरिज हुई थी। जिसके बाद उनका 9 महीने का बेटा भी है। मृतका के पिता सुच्चा सिंह और चाचा जगरूप सिंह ने आरोप लगाया कि कुलजीत को लगातार परेशान किया जा रहा था। ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे।

मृतका के पिता सुच्चा सिंह ने कहा कि ससुराल वाले उसे मारते-पीटते थे। (CREDIT-IMAGE/VIDEO-BY-SNE-NEWS)
पिता सुच्चा सिंह ने कहा कि पति लवप्रीत के अलावा उसकी मां और बहन भी बार-बार उस पर दबाव डाल रहे थे कि वह पिता की जमीन में से अपना हिस्सा मांगे। जब मायके वालों की आर्थिक हालत देखकर कुलजीत ने इनकार किया तो उसके साथ मारपीट करने लगे। जिससे वह काफी परेशान रहने लगी। उसे ससुराल वाले ताने मारते थे।
पिता सुच्चा सिंह ने कहा कि शनिवार शाम जब हादसा हुआ, तो करीब आधे घंटे पहले कुलजीत ने अपनी बहन को फोन करके कहा कि मुझे मार रहे हैं, जल्दी आओ, मुझे जान से मार देंगे। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्हें कुलजीत का शव घर में पड़ा मिला। परिवार ने इंसाफ की मांग करते हुए कहा कि जब तक मुख्य आरोपी पति लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

राजासांसी चौकी इंचार्ज कुलबीर सिंह (CREDIT-IMAGE/VIDEO-BY-SNE-NEWS)
राजासांसी चौकी इंचार्ज कुलबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

