वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।
अमृतसर में आम आदमी पार्टी (आप) के सरपंच को दिनदहाड़े गोलियों से भून दिया गया। हमलावरों ने सरपंच पर फायरिंग कर हत्या कर दी। तरनतारन के विधानसभा हलका खेमकरण के आप विधायक सरवण सिंह धुन्न के करीबी सरपंच जर्मल सिंह वल्टोहा की हत्या हुई है। दरअसल, विदेश बैठे गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल द्वारा छह महीने से सरपंच वल्टोहा से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी। दो बार पहले भी उन पर हमला हो चुका था। रविवार को सरपंच जर्मल सिंह वल्टोहा शादी समारोह में शामिल होने के लिए अमृतसर के मेरी गोल्ड पैलेस में गए थे, यहां पैलेस में दाखिल होकर हमलावरों ने गोलियां मारकर उनकी हत्या कर दी।
जर्मल सिंह वल्टोहा आढ़त का कारोबार भी करते थे। शिअद-भाजपा गठबंधन सरकार के समय वल्टोहा गांव संधुआ से दो बार सरपंच रह चुके थे। जबकि 2022 में वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। खेमकरण के विधायक सरवन सिंह धुन्न के करीबियों में माने जाते सरपंच जर्मल सिंह वल्टोहा समाजसेवी भी थे। वल्टोहा को छह माह के दौरान इसी क्षेत्र से संबंधित विदेश बैठे गैंगस्टर प्रभदीप सिंह उर्फ प्रभ दासूवाल द्वारा 30 लाख की रंगदारी के लिए धमकाया जा रहा था। सरपंच पर दासूवाल के गुर्गों द्वारा पहले दो हमले किए जा चुके हैं। एक हमले में उनकी आढ़त का मुनीम घायल हो गया था। जबकि दूसरे में बाल-बाल बच गए थे।

