वरिष्ठ पत्रकार.अजनाला (अमृतसर)।
अजनाला पुलिस थाने पर हमले के ढाई साल बाद अब मामले की सुनवाई अमृतसर अदालत में स्थानांतरित कर दी गई। वीरवार को खालिस्तानी समर्थक व वारिस पंजाब दे के मुखिया अमृतपाल सिंह के सभी 9 साथियों सहित कुल 38 आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। अब इन सभी आरोपियों के खिलाफ अजनाला कोर्ट के बजाए अमृतसर की जिला सेशन कोर्ट में सुनवाई शुरू हो गई है।
इस मामले को लेकर अदालत ने सुनवाई के दौरान एफआईआर में दर्ज अमृतपाल सिंह के नौ साथियों समेत सभी 38 आरोपियों को कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए थे। वहीं जैसे ही पुलिस आरोपियों को लेकर अदालत में पहुंची तो वहां पर प्रधानमंत्री बाजेके ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बाजेके बोला- राज करेगा खालसा। ये जो इल्जाम लगाए हैं कि प्रधानमंत्री बाजेके कह रहा, भाई साहब (अमृत ल सिंह) नशा करता है, बिल्कुल झूठ है। इन्होंने मारपीट कर हजारों पेपरों पर साइन करवाए हैं। नशे वाले बयान, लड़कियों वाले बयान सभी गलत हैं।
बता दें कि अमृतपाल सिंह के 9 साथियों के कुछ महीने पहले ही एनएसए हटाए जाने के बाद डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर शिफ्ट किया गया था। इनमें प्रधानमंत्री बाजेके, पपल प्रीत सिंह, दलजीत सिंह कलसी, बसंत सिंह, गुरमीत सिंह, जीत सिंह, हरजीत सिंह, विक्रमजीत सिंह और लवप्रीत सिंह तूफान शामिल है।

