वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।

पंजाबी सिंगर रमी रंधावा पर पुलिस ने हथियारों की नुमाइश करने पर FIR दर्ज कर ली है। रमी रंधावा अमृतसर के अजनाला के रहने वाले हैं। रमी रंधावा पर यह कार्रवाई उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की गई है। इसमें रमी रंधावा ने हथियारों से जुड़ी वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था- ”मेरे सौंदा ए नाल सिरहाने दे इक इतिहास ते दूजा काल कुड़े” (मेरे साथ तकिए पर एक इतिहास और दूसरा काल (मौत) सोता है)।
पोस्ट के ऊपर रमी रंधावा ने कैप्शन में लिखा था कि सरदारियां सिर देकर मिलती हैं, सरदार कहलाना आसान नहीं है। इस मामले में पुलिस ने खुद संज्ञान लेते हुए ASI कवलजीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। हालांकि इस मामले में अभी तक रमी रंधावा की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। यह वीडियो अभी भी रंधावा की फेसबुक पर है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कानून सभी के लिए बराबर है, चाहे वह आम व्यक्ति हो या कोई प्रसिद्ध चेहरा हो।

