वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर।

अमृतसर के बटाला रोड पर देर रात सेलिब्रेशन मॉल के बाहर व्यक्ति से 2 युवकों ने फोन छीनने की कोशिश की, लेकिन पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद सड़क पर निकलने वाले लोगों ने मिलकर दोनों की सरेआम पिटाई कर दी। सूत्रों के अनुसार, घटना लगभग 30 मिनट तक चली। राहगीरों ने बिना किसी पूछताछ के भीड़ में शामिल होकर दोनों युवकों की पिटाई की। पीड़ित ने पहले उन्हें पकड़ा और फिर आसपास की भीड़ ने भी हाथ बढ़ाया। यह नजारा देखकर किसी ने बीच-बचाव की कोशिश तक नहीं की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों युवक कहीं किसी बड़े लूट गैंग से जुड़े तो नहीं हैं। इस घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या भीड़ द्वारा न्याय करना सही है या कानून का हाथ ही भरोसेमंद है। अमृतसर पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए पूरी कार्रवाई जारी है।

