SNE NETWORK.AMRITSAR.
पंजाब की मंडियों में गेहूं खरीद शुरू न होने से नाराज किसानों ने आज रेल रोको आंदोलन का एलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा से जुड़े संगठन सूबे में 23 स्थानों पर दोपहर 12 बजे से तीन घंटे के लिए रेल रोकेंगे। आजाद किसान मोर्चा ने भी इसे समर्थन दिया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसल पहले ही प्रभावित है लेकिन सरकार खरीद को लेकर गंभीर नहीं दिख रही। मंडियों में गेहूं खराब हो रहा है और कीमतों में कटौती की जा रही है। किसानों ने तुरंत खरीद शुरू करने बारदाने की कमी दूर करने और मंडियों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी है।
शुक्रवार को किसानों की ओर से पंजाब में 23 जगहों पर रेल रोकी जाएंगी। इनमें जिला अमृतसर में देवीदासपुरा, सुनाम, होशियारपुर और दसुआ रेलवे स्टेशन, हुसैनपुर के नजदीक रेल कोच फैक्टरी और फगवाड़ा रेलवे स्टेशन, बरनाला रेलवे स्टेशन, तरनतारन रेलवे स्टेशन, मोगा रेलवे स्टेशन व जगरांव रेलवे स्टेशन, पटियाला रेलवे स्टेशन, मानसा रेलवे स्टेशन, फिरोजपुर में टैंकां वाली बस्ती, अहमदगढ़ रेलवे स्टेशन, पठानकोट में परमानंद, जालंधर में शाहकोट रेलवे स्टेशन, बठिंडा में रामपुरा फूल रेलवे स्टेशन, लुधियाना में साहनेवाल रेलवे स्टेशन, फाजिल्का रेलवे स्टेशन, मलोट रेलवे स्टेशन, गुरदासपुर में भी रेल जाम किया जाएगा।

