RAHUL GANDHI VISIT-UPDATE…रोते हुए बच्चे को गोद में उठाकर चुप कराया, कहा-उजड़े आशियाने, बर्बाद खेत, बिखरी जिंदगियां, दर्द आंखों में साफ दिखता है, मगर हौसला अटूट है।

RAHUL-VISIT-ASRVILLAGE-SNE

पवन कुमार.अमृतसर.चंडीगढ़। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज (15 सितंबर) को अमृतसर-गुरदासपुर में अलग-अलग स्थानों पर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। राहुल पंजाब में लगभग साढ़े 6 घंटे रहे। अमृतसर के घोनेवाल गांव में बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में बताते हुए एक बच्चा रो पड़ा, जिसे राहुल गांधी ने गोद में उठाकर चुप कराया।


इसके बाद राहुल गांधी ने गुरदासपुर में भी प्रभावित क्षेत्रों का ट्रैक्टर से दौरा किया। सुरक्षा कारणों के चलते वह पाक बॉर्डर से सटे गांवों में नहीं जा सके। अपने दौरे के दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। शाम 4 बजे वह पठानकोट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दौरे के बाद राहुल गांधी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- “बाढ़ ने पंजाब में भारी तबाही मचाई है। आज धोनेवाल में ग्रामीणों से मिला – उजड़े आशियाने, बर्बाद खेत, बिखरी जिंदगियां। दर्द आंखों में साफ दिखता है, मगर हौसला अटूट है।


राज्य और केंद्र सरकार दोनों हर हाल में यह सुनिश्चित करें कि राहत पैकेज और मुआवजा बिना देरी पीड़ितों तक पहुंचे, जिन्हें इस वक्त इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। इस त्रासदी में मैं हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा हूं। उनकी आवाज बुलंद करूंगा और उन्हें हर संभव मदद दिलाना मेरा संकल्प है।”


पंजाब में बाढ़ से 23 जिलों के 2,097 गांव प्रभावित हुए हैं, और लगभग 1,91,926 हेक्टेयर में फसलें डूब गई हैं। 15 जिलों में 52 लोगों की जान जा चुकी है। 6 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब का दौरा किया था और स्थिति को देखते हुए पंजाब को 1,600 करोड़ रुपए देने की घोषणा की थी। इस पैकेज को भगवंत मान सरकार ने नाकाफी बताया था।


राहुल गांधी सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। सबसे पहले वह अमृतसर के घोनेवाल गांव गए। यहां उन्होंने बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिलकर डूबी हुई फसलों और टूटे हुए घरों का जायजा लिया। उन्होंने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्डा साहिब में मत्था भी टेका।


इसके बाद, राहुल गांधी गुरदासपुर के गुरचक्क गांव पहुंचे, जहां उन्होंने उस स्थान का दौरा किया जहां बांध टूटने से खेत और घर जलमग्न हो गए थे। उन्होंने किसानों से मुलाकात की और फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर आधा किलोमीटर दूर खड़ी अपनी गाड़ी तक पहुंचे।


पाक बॉर्डर से सटे 7 गांवों में नहीं गए


इसके बाद उन्होंने दीनानगर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। मकोड़ा पत्तन गांव में लोगों से मुलाकात की। राहुल को पाकिस्तान बॉर्डर से सटे 7 गांवों में भी जाना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से अधिकारियों ने उन्हें आगे न जाने की सलाह दी, जिसके बाद राहुल गांधी वापस चले गए। राहुल के साथ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पंजाब कांग्रेस इंचार्ज भूपेश बघेल और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद रहे।


रावी नदी का बांध ठीक कराएंगे: 

गुरदासपुर के गुरचक्क गांव के हरजिंदर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने रावी नदी के ऊपर का बांध ठीक कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में जाकर इसका मुद्दा उठाएंगे। हमारे गांव की 700 एकड़ जमीन जलमग्न हो गई है। राहुल गांधी से पहले कोई विधायक या मंत्री यहां नहीं आए।


राहुल ने बड़े ध्यान से बात सुनी: 

गुरचक्क गांव के ही गुरमुख सिंह ने कहा कि राहुल गांधी से हमारी यही बात हुई है कि रावी नदी के बांध को मजबूत किया जाए, क्योंकि हर साल हमें इससे नुकसान होता है। इस गांव में आम आदमी पार्टी का कोई नेता नहीं पहुंचा। राहुल गांधी ने बड़े ध्यान से किसानों की बात सुनी।


बिट़्टू के बयान पर कांग्रेस प्रधान ने किया पलटवार

राहुल गांधी के दौरे को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री बिट्टू द्वारा कसे गए तंज पर पंजाब कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना लोकसभा सीट से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा- बिट्टू जी, आप एक और प्रकार के घोड़े का जिक्र करना भूल गए, वो है नाशुक्रा घोड़ा। लगता है आप इस नस्ल के घोड़े में सबसे आगे हैं।

100% LikesVS
0% Dislikes