SNE NETWORK.BARNALA.

बरनाला में मकान गिरने से 3 लोगों की मौत हुई है। (CREDIT-IMAGE–BY-SNE-NEWS)
बरनाला में आज (रविवार) सुबह एक मकान गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। ये तीनों मकान में अंदर सोए हुए थे, और हादसे के बाद मलबे में दब गए। इन्हें मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। मलबा हटाने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन की टीमें पहुंचीं। उन्होंने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटवाया। इसके बाद भी मशीनें लगी हुई हैं। अधिकारियाों का कहना है कि मलबे में कोई और न दबा हो, इसी आशंका में खोज जारी है। बताया जा रहा है कि मकान को जैक से ऊपर उठाने का काम चल रहा था। जिन लोगों की मौत हुई है, वे इसी काम में लगे हुए थे। ये कुल 4 लोग थे, लेकिन एक व्यक्ति शनिवार शाम को ही घर निकल गया था, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, बरनाला जिले के फरवाही गांव में दिवंगत जीवन कुमार के बेटे विशाल के मकान को जैक की मदद से ऊपर उठाने का काम चल रहा था। यह काम कई सप्ताह से लगा हुआ है। इसके लिए मोगा के ठेकेदार को ठेका दिया हुआ है। लोगों ने बताया है कि आज सुबह करीब सवा 4 बजे यह बिल्डिंग गिर गई। हादसे के समय बिल्डिंग में काम करने वाले 3 मजदूर सोए हुए थे। वे मलबे में दब गए।

बरनाला में जैक लगाते समय मकान गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ। मलबे में दबे को खोजते ग्रामीण। (CREDIT-IMAGE–BY-SNE-NEWS)
बिल्डिंग गिरने की जोरदार आवाज हुई और मौके पर एक व्यक्ति भी मौजूद था। उसने आसपास के लोगों को इकट्ठा किया और घटना के बारे में बताया। इसके अलावा उन्होंने तुरंत गुरुद्वारा साहिब में अनाउंसमेंट कर मदद मांगी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू का काम शुरू किया। लोगों ने खुद ही मलबा हटाना शुरू किया और पुलिस को भी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगाई, जिसकी मदद से 3 लोगों के शवों को निकाला गया। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उनकी मौत की पुष्टि की।

मलबे से निकालकर 3 लोगों को अस्पताल भेजा गया है। (CREDIT-IMAGE–BY-SNE-NEWS)
इस मामले में बरनाला के DSP सतवीर सिंह ने बताया कि आज गांव फरवाही में विशाल पुत्र जीवन कुमार के मकान की मरम्मत का काम चल रहा था। उसकी मरम्मत रणजीत ठेकेदार निवासी मोगा करवा रहा था। इस मकान की दीवारों में सीवर का पानी घुसने के कारण यह एक तरफ धंस गया था। उसी की मरम्मत के लिए विशाल ने काम लगवाया था। उन्होंने बताया कि मकान की मरम्मत में 4 युवक बॉबी सिंह, प्रिंस, गुरजीत सिंह और एक अज्ञात लगे हुए थे। ये सभी मोगा के रहने वाले थे। आज सुबह अचानक मकान की दीवार एक तरफ झुक गई और मकान गिर गया। इसमें 3 युवकों की मौत हो गई, जिनके शव सिविल अस्पताल बरनाला में रखवा दिए गए हैं। एक युवक कल रात अपने घर पहुंच गया।

मकान गिरने से बिखरे मलबे में लोगों की तलाश जारी है। (CREDIT-BY-SNE-NEWS-IMAGE)
मौके पर पहुंचे विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने बताया मलबे में दबने से 3 लोगों की मौत हुई है। प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर मृतकों के परिवार को मुआवजा देने की मांग रखेंगे। मकान मालिक को मुआवजा देने की बात करेंगे। अब देखते हैं कि प्रशासन क्या मदद कर सकता है? मैं भी पत्र लिखने जा रहा हूं कि मुआवजा दिया जाए।
वहीं, सरपंच जगसीर सिंह ने बताया कि सुबह करीब सवा 4 बजे हादसा हुआ है। पहले पता चला कि मलबे में 4 मजदूर दबे हैं, लेकिन 3 की पुष्टि हो चुकी है। चौथा मजदूर कल रात 10 बजे के करीब अपने घर पहुंच गया। इस हिसाब से कोई अब दबा नहीं है। फिर भी हम मलबा हटाने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि कोई फंसा न रह जाए। उन्होंने कहा कि सारा गांव मिलकर मलबा हटा रहा है। प्रशासन के कुछ अधिकारी पहुंचे हैं, लेकिन कोई मदद नहीं है। इसके अलावा माली मदद नहीं मिली है। हम सरकार से मांग करते हैं कि जिन लोगों की जान गई है, उन्हें मुआवजा दिया जाए। जो मकान का नुकसान हुआ है, उन्हें सीएम फंड से राशि जारी की जाए। ###USA###CANADA###BREAKING-NEWS###

