SNE NETWORK.BARNALA.
शराब की कई दुकानों पर एक्सपायरी डेट वाली बियर खुलेआम बेचे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में दो युवकों ने स्टिंग ऑपरेशन कर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए हैं, जिसके बाद आबकारी विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार बरनाला के दो युवक सतपाल सिंह और गुरसेवक सिंह ने मीडिया को बताया कि उन्होंने बरनाला और हंडियाया क्षेत्र की अलग-अलग शराब दुकानों से बियर खरीदी, जो एक्सपायरी डेट की निकली। उनका दावा है कि इन दुकानों पर एक्सपायरी बियर धड़ल्ले से बेची जा रही है और अलग-अलग दुकानों पर इसके दाम भी अलग-अलग वसूले जा रहे थे। युवकों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन भुगतान कर बियर खरीदी है और उनके पास पूरे सबूत मौजूद हैं। युवकों का कहना है कि सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि कोई भी एक्सपायरी उत्पाद नहीं बेचा जा सकता, इसके बावजूद शराब कारोबारी नियमों को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं और लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग से कर कार्रवाई की मांग की है।
वायरल वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि जब मीडिया मौके पर पहुंची तो दुकान कर्मचारियों ने कथित रूप से संबंधित बोतलों को हटा दिया। जब इस बारे में ठेका कर्मचारियों से बात की गई तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस संबंध में आबकारी विभाग बरनाला के इंस्पेक्टर रजनीश कुमार ने कहा कि विभाग द्वारा संबंधित दुकानों की जांच की जाएगी और यदि जांच के दौरान एक्सपायरी शराब की बिक्री पाई गई तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि एक्सपायरी उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसे में उपभोक्ताओं को भी कोई भी वस्तु खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचने की सलाह दी जा रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

