एसएनई नेटवर्क.बठिंडा।
बठिंडा देहात से आम आदमी पार्टी के विधायक अमित रत्न के करीबी रिशम को विजिलेंस की टीम ने मंगलवार शाम को चार लाख रुपये समेत हिरासत में लिया। विजिलेंस टीम ने विधायक के करीबी को हिरासत में लेने के बाद सर्किट हाउस में बैठे आप विधायक अमित रत्न को भी एक कमरे में नजरबंद कर विधायक और हिरासत में उसके करीबी को कई घंटों तक आमने सामने बैठा कर पूछताछ की। वहीं सर्किट हाउस में पहुंचे भाजपा नेता सरूप सिंगला के साथ आप समर्थकों ने हाथापाई तक करने का प्रयास किया।
विधायक ने मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता गांव गुद्दा की सरपंच सीमा रानी के पति प्रितपाल सिंह काका ने बताया कि उनके गांव के विकास के लिए आई ग्रांट को रिलीज करवाने के लिए बठिंडा देहात से आप विधायक अमित रत्न ने पांच लाख रुपए रिश्वत मांगी थी। कुछ दिन पहले आप विधायक ने अपने दोस्त रिशम के जरिए उनसे एक लाख रुपये हासिल कर लिए थे और बाकी के चार लाख रुपये मंगलवार को देने को कहा था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने उक्त पूरे मामले की शिकायत विजिलेंस के पास की और दो हजार रुपये के नोटो पर रंग लगाकर मंगलवार शाम को चार लाख रुपये जब विधायक अमित रत्न को देने पहुंचे तो उन्होंने कहा कि बाहर क्रेटा गाड़ी में रिशम बैठा है। समान उसको पकड़ा दो। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब रिशम ने चार लाख रुपये लेकर अपनी गाड़ी में रखे और सर्किट हाउस से जाने लगा तो विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया।
विजिलेंस टीम सर्किट हाउस के वीआईपी कमरे में विधायक के पास पहुंची और विधायक रत्न और उसके करीबी को आमने सामने बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक विजिलेंस टीम आप विधायक और उसके करीबी से पूछताछ कर रही थी।
भाजपा नेता के साथ हाथापाई
उधर, भाजपा नेता सरुप चंद सिंगला पार्टी कार्यकर्ताओं समेत मौके पर पहुंचे तो वहीं पर मौजूद आप समर्थकों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने पंजाब सरकार और आप विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। मामला गरमाने पर मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस ने भाजपा नेताओं को शांत करवाया।
आप समर्थक राहुल ने आप विधायक अमित रत्न को बेकसूर बताया और कहा कि आप विधायक से पैसे बरामद नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई अन्य व्यक्ति आप विधायक के नाम पर पैसे लेते हुए विजिलेंस ने हिरासत में लिया है तो उसमें आप विधायक का कोई कसूर नहीं है।

