वरिष्ठ पत्रकार.फरीदकोट।
पंजाब के फरीदकोट में कार सवार भारतीय सेना का जवान और उनकी पत्नी नहर में गिर गए। पता चला है कि दोनों कार के साथ पानी में डूब चुके है। खबर लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कार सवार सैनिक की पहचान गांव फिड्डे कलां बलजीत सिंह और उनकी पत्नी मनदीप कौर के तौर पर हुई। बताया जा रहा है कि वे अपने रिश्तेदारों से मुलाकात कर वापस अपने घर लौट रहे थे। एनडीआरएफ की टीम की मदद से उनकी अब तक तलाश जारी है। इस बात की पुष्टि, प्रशासन के एक शीर्ष अधिकारी ने की।
जानकारी के अनुसार, बलजीत सिंह इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। वह अपनी कार से फरीदकोट में खरीदारी करने आया था। इस दौरान वह गांव फिड्डे कलां में अपनी पत्नी की बुआ से मिलने गए थे। वापस लौटते समय सड़क पर गहरे गड्ढे के कारण उनकी कार ने संतुलन खो दिया। कार सड़क से सटी सरहिंद नहर में जा गिरी। बलजीत और मनदीप कौर का एक 5 वर्षीय बेटा है। वे उसे घर पर अपनी माता के पास छोड़कर आए थे।

