SNE NETWORK.FATEHGARH SAHIB.
फतेहगढ़ साहिब के गांव शेखुपुरा में एक आढ़ती ने करीब 2.5 करोड़ रुपये के लेन-देन विवाद से परेशान होकर सल्फास निगल कर अपनी जीवन लीला खत्म कर ली। मृतक की पहचान संत सिंह (57) निवासी गांव शेखूपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मृतक के परिवार के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार संत सिंह का परिवार लंबे समय से आढ़त का कारोबार करता था। परिवार की दो फर्में थीं और बाजार में उनका अच्छा-खासा व्यापार था। बीते कुछ समय से परिवार में आपसी लेन-देन और हिसाब-किताब को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये की ठगी की, जिससे संत सिंह मानसिक तनाव में थे।
मानसिक दबाव के चलते संत सिंह गांव जखवाली के पास पहुंचे, जहां उन्होंने जहरीला पदार्थ सल्फास निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें संत सिंह ने अपनी मौत के लिए चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। मूलेपुर थाना पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई सुखदर्शन सिंह, उसकी पत्नी राजवंत कौर, उसकी मां हरप्रीत कौर और भाभी भूपिंदर सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी जतिंदरपाल सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

