आदित्य बख्शी.तलवाड़ा.होशियारपुर।
होशियारपुर के तलवाड़ा थाने में ग्रेनेड फटने का दावा करते हुए एक गैंगस्टर ग्रुप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल कर जिम्मेदारी ली हैं, लेकिन पुलिस का दावा है कि कोई ब्लास्ट हुआ ही नहीं। डीएसपी दसूहा बलविंदर सिंह जौड़ा का कहना था कि एक वेब चैनल ने कश्मीर में थाने में हुए धमाके को लेकर तलवाड़ा थाने के नाम से धमाके का दावा कर दिया जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह दावा सामने आया।
जोड़ा का कहना है कि इस संबंध में पूरी जांच कर के कन्फर्म किया गया कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इलाके में गहन जांच की जा रही है और पोस्ट को लेकर साइबर सेल को सूचित कर दिया गया है ताकि उसके स्रोत का पता लगाया जा सके।

पोस्ट में यह लिखा…?
गैंगस्टरों ने कहा है कि यह कार्रवाई पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस को चेतावनी देने के लिए थी कि अगर उन्होंने फर्जी मुठभेड़ बंद नहीं की, तो ये ऐसे ही जारी रहेंगी। यह भी दावा किया गया है कि अब उन्होंने पिस्तौलें छोड़कर एके-47 और रॉकेट लॉन्चर उठा लिए हैं और रिंदा उन्हें जो भी निशाना देगा, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने सांसदों और विधायकों को भी चेतावनी दी है कि वे अपनी चारदीवारी ऊँची कर लें क्योंकि अब वे एके-47 और रॉकेट लॉन्चर से हमला करेंगे।


