वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
शहर के लंबा पिंड चौक पर महिला फ्रेंडली शराब ठेका खुलने से बवाल मच गया। इसकी तस्वीरें सामने आते ही विपक्ष के नेताओं ने आप सरकार पर निशाना साधा। फोटो वायरल होते ही कांग्रेस के पंजाब प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने इसे शर्मनाक बताया है। जबकि पंजाब भाजपा ने इसे सीएम पंजाब भगवंत मान पर उनका शराब के प्रति प्रेम बता तंज कसा। दोनों पार्टी के नेताओं ने कहा कि नशे ने पंजाब की जवानी को बर्बाद कर दिया लेकिन मान सरकार अब घर-घर बर्बाद करने पर तुली है।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि नशा पहले ही पंजाब की कई पीढ़ी निगल चुका है। अब महिलाओं के लिए शराब ठेके खोलकर सीएम भगवंत मान क्या करना चाहते हैं? उन्होंने कहा कि बदलाव का यह नया रूप बहुत भयानक है। इसके खतरनाक नतीजे सामने आएंगे।
आप प्रवक्ता मालविंदर कंग ने कहा कि पंजाब में जैसे शराब के अन्य ठेके हैं, वैसा ही यह भी है। महिलाओं के लिए शराब ठेका खोला जाना केवल एक अफवाह है। उन्होंने कहा कि किसी ने अपने स्तर पर ठेके के साइन बोर्ड पर ‘वूमेन फ्रेंडली’ लिखा है। इसकी जांच कराई जाएगी।