वरिष्ठ पत्रकार.जालंधर।
बीते दिन इंटरनेशनल ड्रग कार्टेल का पुलिस ने भंडाफोड़ करने का दावा किया था। मगर अब उक्त दावा सवालों के घेरे में आ गया है। क्योंकि पुलिस ने जिस मनी ठाकुर पर किंगपिन होने के आरोप लगाए थे, वह एक के बाद एक कॉल रिकॉर्डिंग अपने सोशल मीडिया पर लाइव होकर सुना रहा है। मामला, जिला जालंधर के थाना सिटी का बताया जा रहा है। मनी ठाकुर ने मंगलवार देर रात फेसबुक लाइव होकर कहा- 1 साल 1 माह से वह यूके में रह रहा है और वहीं पर काम कर अपना गुजारा करता है। मगर नशे का काम नहीं किया।
बातचीत की रिकॉर्डिंग
पुलिस द्वारा किंगपिन बनाए गए मनी ठाकुर ने लाइव आकर एक रिकॉर्डिंग सुनाई। मनी ठाकुर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उक्त नशा तस्कर को छोड़कर मुझे फंसा दिया। रिकॉर्डिंग में नशा तस्कर ने पुलिस मुलाजिम से कहा- टेंशन है कि मेरा नाम 29 की लिस्ट में है। इस अधिकारी ने जवाब दिया कि नाम तो तुम्हारा है ही केस में, मगर एक फाइल आगे बढ़ेगी तो हम नाम घुमा देंगे। इसका सारा सिस्टम है हमारे पास।
आगे रिकॉर्डिंग में नशा तस्कर पुलिस अधिकारी से कह रहा है कि मैंने अपनी पत्नी से कहा है कि ये हवाले का केस है। इससे ज्यादा कुछ नहीं। अगर मेरी पत्नी को नशे के बारे में पता चला तो मेरा तलाक हो जाएगा। मैं बहुत दिक्कत में आ जाऊंगा। मेरी एक छोटी बच्ची है, सर
वहीं, सिटी पुलिस के अधिकारी एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन आदित्य ने बताया कि केस में पुलिस ने सभी आरोपियों को नामजद किया है। हरमन पहले से केस में नामजद है। साथ ही मनी ठाकुर को भी नामजद किया जा चुका है। मामले में पुलिस वायरल हुई रिकॉर्डिंग की ऑथेंटिसिटी की जांच कर रही है। मामले की जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

