SNE NETWORK.KAPURTHALA.
कस्बा बेगोवाल में एक 22 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह वारदात स्थानीय मीखोवाल पार्क में हुई। हालांकि शुरुआत में इसे दो गुटों के बीच की हिंसक झड़प बताया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने गुटबाजी के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। मृतक की पहचान बेगोवाल निवासी 22 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए थाना बेगोवाल के एसएचओ किरपाल सिंह ने बताया कि हरप्रीत मीखोवाल पार्क में मौजूद था।
2 युवकों के बीच अचानक हुई बहस का नतीजा-POLICE
इसी दौरान वहां मौजूद 22 वर्षीय रमनदीप सिंह के साथ उसकी किसी बात को लेकर अचानक तकरार हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रमनदीप ने हरप्रीत पर ‘सीरी साहिब’ (धार्मिक चिन्ह/कृपाण) से हमला कर दिया। इस हमले में हरप्रीत गंभीर रूप से जख्मी हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद इलाके में यह अफवाह फैल गई थी कि पार्क में दो गुटों के बीच भारी झड़प हुई है जिसमें युवक की जान गई है। लेकिन एसएचओ किरपाल सिंह ने स्पष्ट किया है कि यह दो गुटों की लड़ाई नहीं थी, बल्कि दो युवकों के बीच अचानक हुई बहस का नतीजा था। फिलहाल थाना बेगोवाल पुलिस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है।
हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मृतक के परिजनों से संपर्क किया। पुलिस ने मृतक की मां परमजीत कौर के बयान कलमबद्ध किए हैं। मां के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रमनदीप सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ###USA###UK-CRIME-NEWS###

