लिप अध्यक्ष बैंस की बड़ी मुश्किलें—–दुष्कर्म केस में पुलिस ने अदालत में दाखिल की चार्जशीट

एसएनई न्यूज.लुधियाना।

पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी लोक इंसाफ पार्टी (लिप) के अध्यक्ष एवं लुधियाना के आत्म नगर हलके के विधायक सिमरजीत सिंह बैंस व छह अन्य के खिलाफ दर्ज केस में एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की अदालत में चार्जशीट दायर कर दी। 44 वर्षीय महिला ने विधायक पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। अब तक इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

केस की सुनवाई 18 नवंबर को होगी। एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट हरसिमरनजीत सिंह की अदालत ने सात जुलाई 2021 को थाना डिविजन नंबर छह की पुलिस को इस मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे।


विधायक बैंस ने इन आदेशों को पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। अदालत ने इस याचिका को रद्द कर दिया था और उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज हो गई थी।पिछले साल 16 नवंबर 2020 को महिला ने विधायक सिमरजीत सिंह बैंस, कमलजीत सिंह, बलजिंदर कौर, जसबीर कौर उर्फ भाभी, सुखचैन सिंह, परमजीत सिंह उर्फ पम्मा, गोगी शर्मा के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी।

न्याय की मांग को लेकर वह कई दिन पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरना लगाकर बैठी रही थी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर महिला ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

50% LikesVS
50% Dislikes