एसएनई नेटवर्क.लुधियाना।
यहां पर युवक की निर्मम तरीके से हत्या कर शव गंदे नाले में फेंक दिया गया। घटनाक्रम लुधियाना शहर का है। मरने वाला युवक 30 वर्षीय इस्लाम जिला फिरोजपुर के विधानसभा क्षेत्र जलालाबाद का रहने वाला है। 13 दिन पहले यहां पर खरीदारी करने के लिए अपने दोस्त के साथ आया था। वारदात का खुलासा तब हुआ, जब मरने वाले के भाई को उसके दोस्त पर आशंका हुई। पानीपत से पकड़ कर धुनाई की तो तोते की तरह सारी सच्चाई बयां कर दी। बताया कि पैसे की लालच की वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। संबंधित थाना पुलिस ने कथित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर गंदे नाले से शव ढूंढा जा रहा है।
जानकारी देते हुए मोहम्मद महबूब ने बताया कि वह जलालाबाद का रहने वाला है। उसका छोटा भाई इस्लाम (30) साल, जोकि शादीशुदा था। उसके दो बच्चे हैं। वह 18 अप्रैल को लुधियाना में खरीदारी करने के लिए आया था मगर घर वापस नहीं लौटा। जब वह लुधियाना पहुंचे तो उन्हें पता चला कि वह सोमवार की रात को टिब्बा के इलाके गुरु नानक नगर के गली नंबर-9 में रहने वाले अपने किसी जानकार के घर चला गया था जहां से वह सुबह निकल गया था। उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। जिसके घर पर उसका भाई ठहरा था, उस पर उन्हें शक हो गया था जोकि उसी दिन से अपना घर छोड़कर चला गया था।
इसके बाद उन्हें पता चला कि उक्त आरोपी पानीपत में है। उन्होंने वहां पहुंच कर आरोपी को दबोच लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने २५ हजार रुपए छीनने के लिए उसने उसके भाई को पहले कुछ खिलाकर बेहोश कर दिया था, फिर आरी से उसका गला काट दिया।महबूब का कहना है कि अब वह अपने भाई का शव ढूंढ रहा है। थाना टिब्बा की पुलिस के साथ उसने आज हैबोवाल इलाके में पहले गंदे नाले में सर्च किया था। इसके बाद आरोपी के कहने के मुताबिक अब टिब्बा के इलाके में गंदे नाले में शव को ढूंढा जा रहा है, अभी तक उसके भाई का शव मिला नहीं है। सांकेतिक तस्वीर