SNE NETWORK.MANSA.
मानसा में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 2 सगे भाई करीब 5 फीट उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। हादसे के वक्त गाड़ी की स्पीड 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी। पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में लिया है, जबकि उसका साथी फरार हो गया। ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

बाइक को टक्कर मारने के बाद कार डिवाइडर से टकराई और 360 डिग्री घूम पर गई।
हादसा तिकोनी चौक पर हुआ। मानसा के वार्ड नंबर 26 के रहने वाले गुरदीप सिंह (34) अपने छोटे भाई हरदीप सिंह (30) के साथ बाजार में किसी काम के लिए जा रहे थे। इस दौरान जब वह सड़क को क्रॉस करने लगे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों भाई हवा में करीब 5 फीट उछलकर सड़क पर गिरे। वहीं कार भी डिवाइडर से टकराकर 360 डिग्री घूम पर गई। इस दौरान कार से चिंगारियां भी निकलीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों भाई सड़क पर बेसुध पड़े थे।

कार की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार
पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार के ड्राइवर सुखविंदर सिंह को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल करवाया। थाना सिटी 2 के इंचार्ज गुरतेज सिंह ने बताया कि पुलिस मृतकों के परिवार से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबक कार ड्राइवर ने इससे पहले भी एक बाइक सवार को टक्कर मारी थी। इसमें बाइक सवार घायल हो गया। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। हादसे में कार के साथ बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों भाई साधारण परिवार से संबंध रखते थे। बताया जा रहा है कि उनके पिता बलविंदर सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है।

