वरिष्ठ पत्रकार.मोगा।
मोगा सिविल अस्पताल में एक बार फिर से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दीपावली की रात अज्ञात चोरों ने अस्पताल के मेडिसिन स्टोर रूम से बुफरीनोरफिन 0.2 एमजी की लगभग 11 हजार गोलियां चोरी कर लीं। चोरी का यह सामान लाखों रुपये का बताया जा रहा है। चोर खिड़की तोड़कर अस्पताल के अंदर घुसे और स्टोर रूम की अलमारी तोड़कर दवाइयों की चोरी कर फरार हो गए।
यह दवा नशे के आदी मरीजों को उपचार के लिए दी जाती है और इस स्टोर से जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और हेल्थ सेंटर में सप्लाई की जाती है। घटना 20 अक्टूबर रात की है। 21 अक्टूबर की सुबह जब स्टोर खोला गया तो चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद मेडिसिन स्टोर इंचार्ज ने पुलिस को सूचित किया, जिस पर डीएसपी सिटी और थाना सिटी साउथ की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मोगा पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मोगा सिविल अस्पताल के मेडिसिन स्टोर से 20 अक्तूबर की रात बुफरीनोरफिन की 11 हजार गोलियों की चोरी होने की शिकायत मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

