वरिष्ठ पत्रकार.मोगा।
मोगा में शादी का झांसा देकर एक युवक ने प्रेमिका के साथ दुष्कर्म किया। फिर उस पर तेजधार हथियार से हमला कर नहर किनारे फेंक कर फरार हो गया। पुलिस ने केस की गंभीरता को देखते हुए कथित अपराधी सहित कुल आधा दर्जन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। किसी की गिरफ्तारी के बारे अभी तक पुष्टि नहीं हुई। गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा जगह-जगह छापेमारी का दावा किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात एक युवक अपने साथियों के साथ गांव की नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया। आरोपी ने लड़की को सुनसान स्थान पर ले जाकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने उससे बहस की और तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में लड़की की आंखों के पास गहरी चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में उसे गांव की नहर के पास फेंक दिया गया।
परिवार का आरोप
लड़की के पिता का कहना है कि वीरवार की रात उनके मोहल्ले में डीजे चल रहा था, वहीं से लड़की को दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच-छह लड़के ले गए। उसके चाचा ने उनको जाते हुए देख लिया। बहुत ढूंढा लेकिन लड़की नहीं मिली। हमने सोचा था दोनों आ जाएंगे तो सहमति से शादी करवा देंगे। शुक्रवार सुबह पुलिस को भी बताया। फिर शाम को किसी ने बताया कि लड़की पेट्रोल पंप के पास नहर के पास पड़ी मिली। उधर , पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि लड़की को दुष्कर्म के बाद तेज धार हथियार से हमला किया गया और सड़क पर फेंक दिया गया था। पीड़ित नाबालिग लड़की स्थानीय सरकारी अस्पताल में दाखिल है. लड़की के पिता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

