SNE NETWORK.MOGA.

मोगा पुलिस में तैनात एएसआई एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली और अपने ऊपर पड़ रहे मानसिक तनाव को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। एएसआई का नाम सतनाम सिंह बताया जा रहा है। उसने अपनी वीडियों में मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और शिकायतों पर कोई सुनवाई न होने के भी आरोप लगाए हैं। वीडियो में बताया कि उनसे जबरदस्ती ऐसे काम करवाए जाते हैं, जो उनकी ड्यूटी का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एक सिपाही की तरह काम करना पड़ रहा है, जबकि वे एक जिम्मेदार पद पर हैं। उन्होंने बंदी डलवाने और दफ्तर के अन्य कई काम जबरन करवाए जाने का भी जिक्र किया।
सतनाम सिंह के अनुसार, ड्यूटी के बाद उन्हें पर्याप्त आराम नहीं मिलता, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं दी जा रही, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। वीडियो में एएसआई ने कहा कि विभाग की ओर से उन पर अत्यधिक दबाव है और उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने दावा किया कि कई बार अपील करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया। अंत में, उन्होंने मोगा के एसएसपी से अपील की कि उनकी मानसिक परेशानी का समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि इस प्रताड़ना से कोई गलत कदम भी उठा सकते हैं। यह चेतावनी भी दी कि यदि वे इस संबंध में कोई कदम उठाते हैं, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

