वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली।
मोहाली के जीरकपुर में 16 साल की नाबालिग से चलती कार में गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी काले रंग की कार में उसे उठाकर ले गए थे और वारदात के बाद फेज-11 के जंगल में फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने जीरकपुर और फेज-11 इलाके में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। कुछ संदिग्ध फुटेज को कब्जे में लिया गया है। साथ ही पुलिस इलाके के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि कहीं किसी ने उस दिन काली कार को देखा था या नहीं।
वहीं जीरकपुर इंस्पेक्टर सतिंदर सिंह गिल ने बताया कि ये मामला 22 जुलाई का है और नाबालिग की मां ने इसकी शिकायत 23 जुलाई को पुलिस को दी जिसके बाद मामले में एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को उनकी बेटी अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे के पास एक सैलून में काम पर गई थी। देर रात तक वह घर नहीं लौटी। रातभर तलाश करते रहे, मगर कोई पता नहीं चला। अगले दिन सुबह जब बेटी रोती हुई घर लौटी, तो उसने जो बताया, वो सुनकर मां-बाप का दिल दहल गया।

