वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली।

पंजाब में मोहाली के सोहाना में सोमवार को चलते कबड्डी मैच के बीच में फायरिंग हो गई। बोलेरो सवार लोगों ने गोलियां चलाईं। जिसमें कबड्डी टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे राणा बलाचौरिया के सिर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राणा बलाचौरिया की शादी 10 दिन पहले ही हुई है। बताया जा रहा है कि हमलावर सेल्फी लेने के बहाने खिलाड़ी के पास आए थे। इसी दौरान फायरिंग कर दी।

पुलिस को शक है कि हमले में बंबीहा गैंग का हाथ है। इस मैच में सिंगर मनकीरत औलख भी आने वाले थे, लेकिन उनके आने से करीब आधे घंटे पहले ही यह हमला हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला सेक्टर-82 के मैदान में सामने आया। यहां कबड्डी का मैच चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्हें पहले लगा कि पटाखे चल रहे हैं। करीब 6 राउंड फायरिंग हुई। उसके बाद हमलावर भाग गए। एक घायल हुआ है, जिसे अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने बताया कि दर्शकों के ऊपर से गोलियां चली हैं। लोगों ने बताया कि जब टीमें बाहर आई थी, तब यह हमला हुआ। व्यक्ति के सिर और चेहरे पर गोलियां लगीं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वेदवान स्पोर्ट्स क्लब सोहाना की तरफ से यह कबड्डी कप करवाया जा रहा था। यह मैच लाइव चल रहा था। इसलिए, गोलियों की आवाज वहां के कैमरे में कैद हुई है।

मोहाली के SSP हरमनदीप सिंह हंस ने कहा कि सिर्फ प्रमोटर को ही गोली लगी है। लोगों ने पीछा किया तो बदमाशों ने 2-3 राउंड फायरिंग की। अभी रंजिश की वजह सामने नहीं आई है। इसमें गैंगस्टर की इन्वॉल्वमेंट को लेकर भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घायल अभी फोर्टिस में भर्ती है।
बदमाशों ने 4 से 5 गोलियां मारीं: हमें फायरिंग की सूचना मिली। यहां आने पर पता चला कि कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया को गोली लगी है। उस पर 4 से 5 फायर हुए। हालांकि, उसे कितनी गोलियां लगी हैं, यह अभी नहीं कहा जा सकता। उसकी हालत क्रिटिकल है। SSP ने कहा कि बोलेरो की बात भी सामने आई है, लेकिन गाड़ियां और भी हो सकती हैं।
बाइक पर भी कुछ लोग भागते दिखे: बदमाश सेल्फी लेने के बहाने फैन बनकर उसके पास आए थे। गाड़ियां अभी बोलेरो की बात सामने आई है। मगर, लोगों ने बाइक पर भी कुछ लोगों को भागते देखा है। हमलावर 3 से 4 होने की बात सामने आ रही है। अभी यह भी सामने आया है कि इसकी बंबीहा गैंग के साथ रंजिश थी। इसकी बंबीहा गैंग के लक्की पटियाल से कोई झगड़ा था। हालांकि, अभी सारे एंगल से पूरे मामले की जांच की जा रही है। राणा बलाचौरिया का पूरा नाम कंवर दिग्विजय सिंह है। वह कबड्डी प्लेयर होने के साथ-साथ एक्टिंग भी करते हैं। एक साल से वह कबड्डी टीमों के प्रमोटर बने थे। वह सोहाना के कबड्डी कप में दो टीमें लेकर आए थे। मूलरूप से वह बलाचौर का रहने वाले हैं। लेकिन कुछ समय से मोहाली में ही रह रहे हैं।

