वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली।
पंजाब के मोहाली स्थित डेराबस्सी इलाके में गैंगस्टर लॉरेंस-गोल्डी ढिल्लों गैंग और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गैंग के दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है, उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी (रूरल) मनप्रीत सिंह खुद मौके पर पहुंचे और बताया कि पूछताछ के बाद जल्द ही बड़े खुलासे होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और बाइक पर सवार होकर वहां जा रहे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की। जब पुलिस ने उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी।
पुलिस ने दो टीमें बनाकर आरोपियों को घेरा पुलिस को सूचना मिली थी कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी ढिल्लों गैंग के दो शूटर इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने दो टीमें बनाकर घेराबंदी की। नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को मोटरसाइकिल पर आते देखा, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की दो पिस्टल, 10 कारतूस, तीन खाली खोल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों का इरादा इलाके में किसी की हत्या करने का था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदात टल गई।

