वरिष्ठ पत्रकार.मोहाली।
ट्राइसिटी में रविवार शाम तेज बहाव नाले में एक जीप बह गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस भी जांच में जुट गई है। पुलिस ने आसपास के इलाके में जीप को खोजने के लिए अलर्ट भी जारी कर दिया है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि जयंती की राव नदी के तेज बहाव में एक ऑफ-रोडिंग के लिए मॉडिफाइड सफेद रंग की जीप बह गई। यह घटना कुछ ही मिनटों में वहां मौजूद लोगों के बीच दहशत फैलाने वाली बन गई। वीडियो के अनुसार नाला उस समय पूरे उफान पर था और लोग बहाव के शांत होने का इंतजार कर रहे थे। तभी एक सफेद जीप वहां पहुंची और नाले को पार करने का प्रयास करने लगी। आसपास खड़े लोग चालक को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नहीं रुका। जीप कुछ दूरी तक आगे बढ़ी, लेकिन तेज बहाव में चालक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते गाड़ी नाले में बह गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे का वीडियो सामने आया है और इसे फिलहाल वेरीफाई किया जा रहा है। ये भी देखा जा रहा है कि घटना उनके थाना क्षेत्र की है या कहीं और की। फिलहाल एहतियात के लिए नाले के आसपास के इलाकों में अलर्ट भेज दिया गया है।

