एसएनई नेटवर्क.पटियाला।
317 दिन उपरांत पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू थोड़ी देर में केंद्रीय जेल पटियाला से रिहा होने जा रहे हैं। इस खुशी में समर्थक पटियाला जेल के बाहर ढोल बजा रहे हैं। वहीं हाईकमान ने आज के राज्य स्तरीय कार्यक्रम रद्द कर नेताओं को सिद्धू के स्वागत में पहुंचने के लिए कहा है।
यह है मुहूर्त
आज अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11.58 बजे से 12.40 बजे तक एवं विजय मुहूर्त दोपहर 2.04 बजे से 2.46 बजे तक रहेगा। इन्हीं दो समय के बीच सिद्धू जेल से बाहर आने की तैयारी थी, लेकिन दोपहर करीब 2 बजे तक भी बाहर नहीं आए। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक आज तक सिद्धू ने अधिकतर काम अभिजीत मुहूर्त पर ही किए हैं।
छुट्टी नहीं लेने का सिद्धू को मिल रहा फायदा
पटियाला पहुंचे नेशनल कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता गौतम सेठ ने बताया कि कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने राज्य स्तरीय कार्यक्रमों को आज रद्द करने के लिए कहा है। उन्होंने सभी कांग्रेसी नेताओं को नवजोत सिंह सिद्धू के स्वागत में पटियाला जेल पहुंचने के आदेश दिए हैं।
सजा के दौरान कोई छुट्टी न लेने का नवजोत सिंह सिद्धू को यह बेनिफिट मिल रहा है और वह 19 मई से 48 दिन पहले रिहा हो रहे हैं। सिद्धू के ट्विटर पेज पर शुक्रवार को इसकी जानकारी दी गई। ट्वीट में लिखा था कि वरिष्ठ अधिकारियों ने रिहाई की सूचना दी है।
वड़िंग का ट्विट— वेलकम, सरदार नवजोत सिंह सिद्धू जी…
नवजोत सिंह सिद्धू को रिसीव करने के लिए इस बार कोई बड़ा ताम-झाम आयोजित नहीं किया जा रहा। वहीं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी उन्हें रिसीव करने के लिए जाने से मना कर दिया है। वड़िंग ने नवजोत सिंह सिद्धू का ट्विटर पर स्वागत करते हुए लिखा- वेलकम, सरदार नवजोत सिंह सिद्धू जी… जैसे ही आप सभी पंजाबियों की सेवा में सार्वजनिक जीवन फिर से शुरू करेंगे, आपसे जल्द मिलने की उम्मीद है। हालांकि सिद्धू के समर्थक उनके ग्रैंड वेलकम की तैयारी में हैं।

