SNE NETWORK.PATIALA.
पटियाला स्थित पंजाबी यूनिवर्सिटी (पीयू) में दिनदहाड़े गोलियां चली। पीयू परिसर में स्टूडेंट्स के दो गुटों में झड़प हो गई। दोनों गुटों के बीच जमकर लात-घूसे चले। विवाद इतना बढ़ गया कि वहां फायरिंग की गई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। वहीं पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। एसपी सिटी पलविंदर सिंह चीमा ने बताया कि पंजाबी यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें गोली चलने की बात सामने आ रही है। घटना की जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसपी चीमा ने बताया कि जिस हथियार से गोली चलाने की बात कही जा रही है, उसकी भी तलाश की जा रही है। हथियार मिलने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि वह लाइसेंसी है या अवैध। पंजाबी यूनिवर्सिटी के जिन गुटों के बीच झगड़ा हुआ, उनके बीच झगड़े की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।

