वरिष्ठ पत्रकार.पटियाला।
सगे चाचा ने अपने 13 साल के भतीजे का चाकू से गला रेत दिया। आरोपी ने बच्चे के शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर भी चाकू से कई वार किए गए हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 13 साल के अमरिंदर सिंह के तौर पर हुई है। आरोपी चाचा हरजीत सिंह उर्फ जानी है, जो अविवाहित है। घटनाक्रम, पटियाला के आनंद नगर त्रिपड़ी इलाके से जुड़ा है।
पुलिस के मुताबिक मृतक अमरिंदर सिंह के तीन चाचा हैं। हालांकि परिवार वालों का आरोप है कि इस हत्याकांड में तीनों चाचा ही शामिल हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान अगर बाकी दो भी आरोपी पाए गए, तो उन्हें भी एफआईआर में नामजद कर लिया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, वारदात शुक्रवार करीब सात बजे की है, सिक्योरिटी गार्ड का काम करने वाला बच्चे का पिता अमरप्रीत सिंह ड्यूटी पर चला गया था। वहीं, मां गुरप्रीत कौर बाहर गली में सैर कर रही थी। जब वह कुछ देर के बाद घर वापस लौटी, तो देखा कि कमरे में खून से लथपथ अमरिंदर सिंह का शव पड़ा था और उसके पेट में चाकू था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक चारों भाई एक ही घर में रहते थे और छोटी-छोटी बातों को लेकर आपस में लड़ाई-झगड़ा चलता रहता है।

