वरिष्ठ पत्रकार.पटियाला।

8 करोड़ रुपए साइबर ठगी के शिकार हुए पंजाब पुलिस के पूर्व IG अमर चहल की खुद को गोली मारने के बाद ही पहली फोटो सामने आई है। इसमें वह अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं। यह फोटो पंजाब पुलिस से ADGP रिटायर्ड व कांग्रेस नेता गुरिंदर सिंह ढिल्लो ने शेयर की है।

चहल का इलाज करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक गोली लगने के बाद पूर्व IG का डेढ़ लीटर खून बहा था। जिस वजह से उस वक्त उनकी हालत नाजुक थी, लेकिन टाइम्स पर इलाज मिलने व 4 घंटे की सर्जरी के बाद उनकी जान बच गई। खास बात यह रही कि पूर्व IG ने जब खुद को गोली मारी तो वह दिल को छूने से बच गई। जिस वजह से चहल की हालत अब खतरे से बाहर है।
पूर्व ADGP गुरिंदर ढिल्लों ने चहल की फोटो जारी करते हुए कहा कि आज पार्क अस्पताल में दोस्त, भाई व सहकर्मी रहे अमर सिंह चहल से मुलाकात हुई। वह पूरी तरह से ठीक हैं। उनकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। इस दौरान डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि 4 घंटे की सर्जरी में चहल के फटे फेफड़े को रिपेयर किया गया।इसके अलावा छाती की टूटी हड्डियों को भी जोड़ा गया। डॉ. सिद्धार्थ गर्ग ने बताया कि सीने में गोली लगने के मामलों में आमतौर पर जीवित रहने की दर केवल 30-40% ही होती है। मगर समय पर अस्पताल लाने से चहल की जान बच गई।

