गुटका साहिब के फटे हुए अंग..लोगों में भारी रोष , कथित अपराधी की खूब हुई पिटाई….फिर जनता ने कर दिया पुलिस के हवाले

LIVE-BREAKING-NEWS-CREDIT-BY-INTERNET-MEDIA

SNE NETWORK.RAJPURA/PATIALA.

पटियाला के राजपुरा में गुटका साहिब की बेअदबी की घटना हुई है। राजपुरा रेलवे स्टेशन के पास गुटका साहिब के अंग फटे हुए मिले हैं। जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति के पास से श्री गुटका साहिब बरामद हुए जिनके अंग (पन्ने) फटे हुए थे। इस घटना का पता चलते ही स्थानीय लोगों में भारी रोष पैदा हो गया और हंगामा शुरू हो गया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चश्मदीदों के अनुसार, घटना से गुस्साए कुछ लोगों ने कथित आरोपी की पिटाई भी की, जिसके बाद उसे राजपुरा सिटी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान लकी (निवासी मिर्च मंडी, राजपुरा) के रूप में हुई है। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी एक गुरसिख परिवार से संबंध रखता है। आरोपी की मां ने रोते हुए बताया कि उसका बेटा मानसिक रूप से ठीक नहीं है और उसका दिमागी इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि लकी पहले खुद पाठी रहा है और उनका परिवार गुरु घर का अनन्य श्रद्धालु है, इसलिए वे ऐसी घटना के बारे में सोच भी नहीं सकते। एसएचओ गुरसेवक सिंह ने बताया कि बरामद किए गए श्री गुटका साहिब को पुलिस कर्मचारियों द्वारा पूरी मर्यादा और सम्मान के साथ गुरुद्वारा बाबा संगत सिंह में सुशोभित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि इलाके में शांति बनाए रखी जाए और कानून को अपने हाथ में न लिया जाए। पुलिस अब हर पहलू से जांच कर रही है कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना किन परिस्थितियों में हुई।

100% LikesVS
0% Dislikes