SNE NETWORK.KHADUR-SAHIB/TARN-TARAN.
हाल ही में केंद्रीय जेल से रिहा हुए आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। खडूर साहिब हलके के गांव वेईपुई में गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। जो लालपुरा के साले व गांव के सरपंच बलदेव सिंह गोरा ने किया। पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को नामजद करके छापामारी शुरू कर दी है। हालांकि पीड़ित परिवारों को मुआवजा जारी करवाकर मामले पर पर्दा डालने का प्रशासन द्वारा प्रयास किया जा रहा है।
डीसी राहुल कुमार ने मामले की जांच के आदेश दिए। जिसके बाद एसडीएम संजीव शर्मा राजस्व विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज करके पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना श्री गोइंदवाल साहिब में केस दर्ज किया। बाद में प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई के तौर पर मुआवजा जारी कर दिया गया। विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, शिअद से संबंधित पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने घटनाक्रम का संज्ञान लेते कहा है कि विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा के जेल से रिहा होते ही उनके रिश्तेदारों द्वारा जशन मनाने के नाम पर गरीब परिवारों के घरों को जलाया जा रहा है। जो सबसे बड़ा गुनाह है। विधायक लालपुरा का कहना है कि मैंने किसी कार्यकर्ता या परिवार के सदस्यों को कोई छूट नहीं दे रखी। अगर किसी ने कानून हाथ में लिया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होना जायज है।

