वरिष्ठ पत्रकार.राष्ट्रीय डेस्क।
नीलकमल बोट एक तेज गति से आ रही नौसेना की छोटी बोट से टकराकर हादसे का शिकार हो गई। नाव में चालक दल समेत 100 से अधिक यात्री सवार थे। इस हादसे के बाद बचाव कार्य शुरू किया गया जिसमें 101 लोगों को रेस्क्यू किया गया है जबकि 3 जवान समेत 13 लोगों की मृत्यु हो गई हैं। मामला, मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा जा रही नाव का जुड़ा है। हादसा, बुधवार देर सायं का बताया जा रहा है।
हादसे को लेकर नौसेना ने बयान जारी कर बताया कि भारतीय नौसेना के एक जहाज ने इंजन की खराबी के कारण मुंबई हार्बर में इंजन परीक्षण के दौरान नियंत्रण खो दिया। परिणामस्वरूप, नाव एक यात्री नौका से टकरा गई और पलट गई। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की सूचना मिली है। घटनास्थल से बचाए गए लोगों को पास के अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। खोज और बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है, जिसमें 4 नौसेना हेलीकॉप्टर, 11 नौसेना के जहाज, एक तटरक्षक नाव और 3 समुद्री पुलिस के जहाज जुटे हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बोट हादसे में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता घोषित की है। उन्होंने कहा कि यह राशि मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस घटना की विस्तृत जांच होगी। नौसेना के साथ पुलिस भी मामले की जांच करेगी।
हादसे का खौफनाक मंजर
चश्दीद के अनुसार नाव की टक्कर काफी भयानक थी। नाव में पानी भरने लगा और वो डूब गई। इसके बाद नाव में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तेज रफ्तार नाव के नीलकमल बोट से टकराने वाला वीडियो वायरल हुआ है जो बेहद भयानक है।