SNE NETWORK.NEW DELHI.
कई दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से नेपाल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बाढ़ और भूस्खलन के चलते हिमालयी राष्ट्र में अब तक 240 लोगों की मौत हो चुकी है। नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने अधिकारियों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। कोशी, बागमती प्रांतों के साथ-साथ काठमांडू घाटी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

लेखक ने राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए), मुख्य जिला अधिकारियों और स्थानीय निकायों से आपदाओं के संभावित जोखिम के प्रति सावधानी बरतने का आग्रह किया। मंत्रालय ने जनता से सतर्क रहने, भारी वर्षा के संभावित खतरों और उसके परिणामों को कम करने के लिए तैयार रहने की भी अपील की।
दरअसल, बाढ़ और भूस्खलन के कारण नेपाल के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। कई राजमार्ग और सड़क क्षतिह्रस्त हो गए थे। सैकड़ों घर और पुल दब गए या बह गए थे। बाढ़ और भूस्खलन के कारण काठमांडू की तरफ जाने वाली मार्ग अवरुद्ध हो गई। हजारों की संख्या में लोग फंस गए थे।