वाह, रे थरूर……भारत के पक्के दुश्मन मुशर्रफ के निधन पर बोले…..दोनों देश के बीच शांति के थे बड़े पैरोकार, भाजपा ने लगाई जमकर क्लास

अंतरराष्ट्रीय डेस्क.दिल्ली। 

पाकिस्तान के पूर्व तानाशाह परवेज मुशर्रफ के निधन पर पाकिस्तान के साथ-साथ भारत में भी कई नेताओं ने प्रतिक्रिया दी हैं। कांग्रेस नेता शशि थरूर तो परवेज मुशर्रफ की इतनी तारीफ कर गए कि उन्हें दोनों देशों के बीच शांति का बड़ा पैरोकार तक बता दिया। हालांकि शशि थरूर का यह बयान भाजपा को अखर गया और भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने शशि थरूर की जमकर क्लास लगा दी और पूरी कांग्रेस पार्टी के पाकिस्तान प्रेम को लेकर सवाल उठा दिया।


बता दें कि शशि थरूर ने परवेज मुशर्रफ के निधन पर ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का, एक दुर्लभ बीमारी के चलते निधन हो गया है। एक समय वह भारत के दुश्मन थे लेकिन बाद में 2002-2007 तक वह दोनों देशों में शांति के बड़े पैरोकार रहे’। अपने एक अन्य ट्वीट में थरूर ने लिखा कि ‘यूएन में रहने के दौरान हर साल उनकी पवरेज मुशर्रफ से मुलाकात होती थी। वह बेहद स्मार्ट, रणनीतिक तौर पर साफ सोच वाले नेता थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे’।


शहजाद पूनावाला ने लिया निशाने पर


वहीं थरूर के इन ट्वीट पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने उन्हें निशाने पर ले लिया। पूनावाला ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘परवेज मुशर्रफ कारगिल युद्ध के वास्तुकार, तानाशाह रहे और उन्होंने तालिबान और ओसामा बिन लादेन को अपना भाई और हीरो बताया था। जिन्होंने अपने मरे हुए सैनिकों के शव भी लेने से इंकार कर दिया था, उन परवेज मुशर्रफ का कांग्रेस गुणगान कर रही है। क्या इसमें चौंकने वाली बात है? कांग्रेस ने एक बार फिर पाक परस्ती दिखाई है’।


दुर्लभ बीमारी से हुआ निधन


बता दें कि एमिलोइडिस नामक दुर्लभ बीमारी के चलते परवेज मुशर्रफ का रविवार को दुबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। मुशर्रफ के निधन पर जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने भी दुख जताया है और ट्वीट करते हुए लिखा कि परवेज मुशर्रफ अकेले पाकिस्तानी थे, जो कश्मीर मुद्दे का हल करना चाहते थे।
 

100% LikesVS
0% Dislikes