BATALA/GURDASPUR…..45 डिग्री की तीखी धूप, खड़ा रखा कई घंटे स्टूडेंट…आखिर, इस कदम से हंसता खेलता परिवार उजड़ गया …जानेंगे, किस क्षेत्र का है मामला..?

death-pictures-4

SNE NETWORK.BATALA/GURDASPUR.

गुरदासपुर जिले के ब्लॉक काहनूवान के गांव झंडा लुबाना में 15 वर्षीय छात्र नवजोत सिंह ने स्कूल में दी गई सजा से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के मुताबिक नवजोत सिंह दसूहा स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ाई करता था। 27 अप्रैल को स्कूल प्रशासन ने उसे किसी मामूली गलती के चलते कठोर सजा दी। आरोप है कि छात्र को दो पीरियड तक तेज धूप में खड़ा रखा गया। इस सजा से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। 15 साल के छात्र की गलती इतनी थी कि वह पहली मंजिल पर चला गया था। एक अध्यापिका ने उसे देख लिया और बात प्रिंसिपल तक पहुंच गई। 

इसके बाद प्रिंसिपल ने उसे सजा के रूप में धूप में खड़ा रहने को कहा। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद नवजोत ने घर लौटकर जहरीली दवाई निगल ली। उसकी हालत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चलता रहा। परिवार और चिकित्सकों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका और अंततः उसकी मौत हो गई। 

घटना के बाद परिवार ने गहरे दुख के बीच नवजोत सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस मौके पर स्कूल के कुछ अन्य छात्रों ने भी पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी दी और आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा अनुशासन के नाम पर छात्रों के साथ सख्ती और अनुचित व्यवहार किया जाता है।

छात्रों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। भैणी मियां खान के डीएसपी कुलवंत सिंह मान ने बताया कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके

100% LikesVS
0% Dislikes