SNE NETWORK.GURDASPUR/CHANDIGARH.

गैंगस्टर लॉरेंस। (FILE-IMAGE)
गुरदासपुर में ASI और होमगार्ड जवान की गोली मारकर हत्या के मामले में लॉरेंस गैंग की एंट्री हो गई है। लॉरेंस गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हमारे देश के 2 काबिल व ईमानदार अफसरों को आतंकियों ने शहीद किया है। हम इसका बदला खून से लेंगे। तुमने 2 शहीद किए हैं, हम 10 मारेंगे। इन आतंकियों का साथ देने वाले गद्दार गैंगस्टरों का गला काटेंगे। देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और प्रशासन की तरफ आंख उठाने वालों की आंखें निकाल लेंगे। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप तुम्हें ऐसी गंदी मौत देगा कि आगे से कोई ऐसी हिम्मत नहीं करेगा।
लॉरेंस ग्रुप की ये सीधी धमकी कत्ल की जिम्मेदारी लेने वाले आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) को दी गई है। TTH के नाम से कल पोस्ट जारी कर दावा किया गया था कि दोनों की हत्या उनकी अल बुर्क ब्रिगेड ने की है। हालांकि दैनिक भास्कर दोनों के दावे की पुष्टि नहीं करता।
लॉरेंस गैंग की सोशल मीडिया पोस्ट…
बता दें कि शनिवार रात को गुरदासपुर में PAK बॉर्डर से डेढ़ किमी दूर आदियां पुलिस चौकी में ड्यूटी पर तैनात ASI गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार की हत्या कर दी गई थी। ASI के सिर और होमगार्ड के सीने में गोली मारी गई। रविवार देर शाम एक CCTV फुटेज भी सामने आया, जिसमें संदिग्ध बाइक पर भागते दिख रहे हैं। इसके बाद राज्य के सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। अमृतसर सीमावर्ती क्षेत्र अजनाला में पुलिस ने विशेष नाकाबंदी की है। हर आने-जाने वाली गाड़ियों की सख्ती से विशेष जांच की जा रही है।

मृतक होमगार्ड जवान व ASI, हत्या की जिम्मेदारी लेने का आतंकी संगठन का लेटर और सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध।
शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुईं इन हत्याओं की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के आतंकी संगठन ने ली है। संगठन की ओर से इसके लिए बाकायदा एक पोस्टर जारी किया गया, जिसमें लिखा है-
आज 22 फरवरी 2026 को तड़के गजवा-ए-हिंद में एक और सफलता हासिल हुई, जब तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के अल-बुर्क ब्रिगेड ने दुरंगला पुलिस स्टेशन पर हमला किया। तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने इस हमले की जिम्मेदारी स्वीकार की है, जिसमें दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। भविष्य में भारतीय सरकारी वर्दीधारी अधिकारियों के खिलाफ ऐसे हमले और भी तीव्र रूप से जारी रहेंगे। जनता को सलाह दी जाती है कि वे सेना, पुलिस और बीएसएफ बलों से इस्तीफा दे दें, अन्यथा उन्हें उनके घरों में निशाना बनाया जाएगा।
हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने इस पोस्टर की पुष्टि नहीं की। गुरदासपुर के SSP आदित्य ने कहा कि इस आतंकी संगठन के वायरल पोस्टर की जांच की जा रही है। उन्होंने ऐसे किसी आतंकी संगठन के सक्रिय होने के भी पुष्टि नहीं की। आखिर क्या है आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH), जिसने दोनों पुलिसवालों की हत्या की जिम्मेदारी ली? क्या इसका अफगानिस्तान में एक्टिव आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से कोई संबंध है? संगठन ने पंजाब में हमला क्यों किया? जानिए सभी सवालों के जवाब…

संगठन ने यह पोस्टर जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली।
जिस आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान (TTH) ने गुरदासपुर में पुलिसवालों की हत्या की जिम्मेदारी ली है, पुलिस के मुताबिक इस नाम से कोई ऑफिशियल या एक्टिव टेररिस्ट ग्रुप अस्तित्व में नहीं है। यह नाम असल में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का एक पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा वर्जन है, जिसे भारत विरोधी नैरेटिव बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यह नाम कभी-कभी अफवाहें फैलाने या सोशल मीडिया पर प्रचार के रूप में इस्तेमाल होता है। अब तक किसी बड़ी वारदात में इसका नाम नहीं आया। TTP को पाकिस्तान में फितना अल-हिंदुस्तान के नाम से भी संबोधित किया जाने लगा है।
माना जाता है कि TTH को भारत में दहशत फैलाने के लिए TTP ने ही बनाया गया था, लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी दहशतगर्दी के निशान अब तक भारत में कहीं मिले नहीं हैं। TTP ने 2013 में एक बयान में कहा था कि वे भारत में भी शरिया लागू करना चाहते हैं और कश्मीर में सक्रिय होने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उसके बाद कोई बड़ा ऑपरेशन या तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम का ग्रुप भारत में सामने नहीं आया। यह ज्यादातर प्रचार या धमकी का हिस्सा था।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) पाकिस्तान में एक प्रमुख दहशतगर्द संगठन है। इसे 2007 में बनाया गया। इसका मुख्य लक्ष्य पाकिस्तान में शरिया आधारित अमीरात कायम करना है। यह अफगान तालिबान से अलग है, लेकिन विचारधारा में काफी करीब है। TTP पाकिस्तान में सेना, पुलिस और नागरिकों पर हमले करता रहता है। पाकिस्तान सरकार और सेना TTP को भारत समर्थित बताकर भारत पर आरोप लगाती है। पाक PM शहबाज शरीफ और अन्य अधिकारियों ने कई बार कहा है कि TTP के हमले अफगानिस्तान से हो रहे हैं और भारत उनका बैकिंग कर रहा है। भारत ने इन आरोपों को बार-बार खारिज किया है और इन्हें पाकिस्तान की अपनी असफलताओं को छिपाने की कोशिश बताया है।

